
Raigarh: बोईरदादर में देह व्यापार का भंडाफोड़, मकान मालिक गिरफ्तार
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस द्वारा शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने बोईरदादर क्षेत्र में देह व्यापार का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
सप्ताह भर में पीटा एक्ट के तहत तीसरी बड़ी कार्रवाई
पुलिस द्वारा यह कार्रवाई पीटा एक्ट (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) के तहत सप्ताह भर के भीतर तीसरी प्रभावी कार्रवाई है, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
बाहर से महिलाओं को बुलाकर कराता था देह व्यापार
पुलिस को सूचना मिली थी कि बोईरदादर क्षेत्र में रहने वाला नारायण वैष्णव अपने मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराता है। सूचना की पुष्टि के लिए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के निर्देशन में एक पुलिस प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया।

संकेत मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम ने मारा छापा
जैसे ही प्वाइंटर से संकेत मिला, चक्रधरनगर पुलिस, साइबर थाना एवं महिला थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित घेराबंदी कर मौके पर रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मकान के भीतर आरोपी नारायण वैष्णव एवं एक संदिग्ध महिला मौजूद मिले।
पूछताछ में खुलासा, खुद करता था दलाली
पुलिस की पूछताछ एवं एकत्र साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अपने मकान में पैसों का लालच देकर महिलाओं को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार कराता था और स्वयं पूरे नेटवर्क का संचालन एवं दलाली करता था।
नकदी, मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹2,000 नकद, 02 मोबाइल फोन (ओप्पो व रेडमी) तथा आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना चक्रधरनगर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
👉*हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



