
दिनदहाड़े किसान से 49 हजार की ठगी, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
बलरामपुर। रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण किसान से दिनदहाड़े की गई ठगी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी की रकम में से 20 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
बैंक से पैसे निकालकर लौटते समय दिया गया ठगी को अंजाम
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डांड खड़ुआ निवासी किसान निबल साय 2 फरवरी 2026 को अपने बेटे जेरोम के साथ राजपुर स्थित सहकारी बैंक पहुंचे थे। बैंक में धान बिक्री की राशि निकालने के बाद उनका बेटा निजी काम से कहीं चला गया, जबकि निबल साय बैंक से 49 हजार रुपये नकद निकालकर बेटे का इंतजार करने लगे।
बेटे का नाम पूछकर जीता भरोसा
काफी देर तक बेटा नहीं लौटने पर निबल साय अकेले पैदल अपने गांव की ओर रवाना हो गए। इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। पहले उन्होंने तंबाकू मांगा और फिर उनके बेटे का नाम पूछा। किसान ने बिना किसी संदेह के बेटे का नाम बता दिया, जिससे आरोपियों ने खुद को बेटे का परिचित बताकर भरोसा जीत लिया।

घर छोड़ने का झांसा देकर पैसे लेकर फरार
आरोपियों ने किसान को घर तक छोड़ने का झांसा दिया और कहा कि रास्ते में पैसे सुरक्षित रखने के लिए वे नकदी अपने पास रख लेंगे। कपड़े के तौलिये में बंधे 49 हजार रुपये लेकर उन्होंने किसान को मोटरसाइकिल पर बैठाया। कुछ दूरी तय करने के बाद सामान लेने का बहाना बनाकर किसान को सड़क किनारे उतार दिया और पैसे लेकर मौके से फरार हो गए।
शाम को थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
काफी देर इंतजार के बाद भी जब आरोपी वापस नहीं लौटे, तब निबल साय को ठगी का अहसास हुआ। उसी दिन शाम को वे अपने बेटे के साथ राजपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की हुई पहचान
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 25/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने नगर और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई।
पूछताछ में कबूला अपराध, 20 हजार रुपये बरामद
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर संदिग्ध ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जेल कुमार (27 वर्ष), पिता रामलाल, निवासी ग्राम तुंगा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर ठगी की रकम में से 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
एक आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



