
64 वर्षीय बुजुर्ग महिला से गैंगरेप, मकान मालिक और उसका साथी गिरफ्तार
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 64 वर्षीय असहाय और गंभीर रूप से बीमार बुजुर्ग महिला के साथ गैंगरेप की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है।
असहाय और बीमार थी पीड़िता
पीड़िता लंबे समय से गंभीर बीमारी से ग्रसित थी और बेड पर ही रहने को मजबूर थी। वह खुद से उठने-बैठने में भी असमर्थ थी। बताया गया है कि बुजुर्ग महिला का कोई परिवार नहीं है और वह कोतवाली थाना क्षेत्र में किराए के मकान में अकेली रहती थी।
मकान मालिक और उसके साथी पर गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, यह घटना 6 फरवरी की दोपहर करीब 2 बजे की है। जिस मकान में बुजुर्ग महिला रहती थी, उसी मकान का मालिक अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने मिलकर महिला की असहाय स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया।

पड़ोसी महिला के पहुंचने पर हुआ खुलासा
घटना का खुलासा तब हुआ जब पास में रहने वाली एक महिला, जो पीड़िता की रिश्तेदार भी बताई जा रही है, उसका हालचाल जानने कमरे में पहुंची। अंदर का मंजर देखकर वह सन्न रह गई। उसने देखा कि एक आरोपी शराब के नशे में बुजुर्ग महिला के साथ घिनौनी हरकत कर रहा था।
आरोपी ने गवाह को धमकाया
पड़ोसी महिला के अनुसार, उसे देखते ही आरोपी घबरा गया और उसे डराने-धमकाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसे मारने की कोशिश की और दौड़ाकर बाहर भगा दिया। किसी तरह जान बचाकर वह बाहर निकली और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके से आरोपियों को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे में मौजूद मकान मालिक तथा उसके साथी को हिरासत में ले लिया। दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की गई।
आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान
- मोहन दास पंजवानी (64 वर्ष), निवासी डेयरी के पास गैस गोदाम रोड, जो पीड़िता का मकान मालिक है,
- श्याम यादव (45 वर्ष), निवासी नयापारा, के रूप में हुई है।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



