
Korba : SBI बैंक के चीफ मैनेजर के घर 5 लाख के जेवर चोरी
कोरबा जिले के दादर खुर्द मार्ग पर शुक्रवार रात एक सूने मकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। यह घटना मानिकपुर थाना क्षेत्र की है।

एसईसीएल कर्मी का मकान, किराएदार परिवार रायपुर गया था
जिस मकान में चोरी हुई वह एसईसीएल कर्मी नवनीत नाथ का है। इस मकान में एसबीआई बैंक के चीफ मैनेजर राजू मोदी अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। घटना के समय पूरा परिवार रायपुर गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
देर रात लौटने पर बिखरा मिला सामान
राजू मोदी ने बताया कि वे शुक्रवार सुबह रायपुर गए थे और देर रात करीब 1 बजे घर लौटे। ताला खोलकर अंदर प्रवेश करते ही उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। बेडरूम की खिड़की की रॉड टूटी हुई थी, जिससे चोरी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी।
कैश और लैपटॉप को नहीं छुआ
पीड़ित के अनुसार, चोरों ने घर में रखे लगभग 20 हजार रुपए नकद और लैपटॉप जैसे महंगे सामान को हाथ नहीं लगाया। हालांकि अलमारी को तोड़कर उसमें रखे करीब 5 लाख रुपए के सोने के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरात में चार सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी और टॉप शामिल हैं।

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया। डॉग स्क्वायड के कुत्ते ‘बाघा’ ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पोड़ी बहार मैदान तक चोरों का सुराग लगाया, जहां शराब की खाली बोतल मिली।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



