
कोंडागांव : पेंशन प्रकरण निपटाने के बदले 40 हजार की रिश्वत लेते BEO कार्यालय का बाबू गिरफ्तार
कोंडागांव। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जगदलपुर ने गुरुवार, 6 फरवरी को बड़ी कार्रवाई करते हुए BEO कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक रिटायर्ड कर्मचारी के पेंशन प्रकरण को आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

रिटायरमेंट के बाद पेंशन के लिए भटकता रहा कर्मचारी
जानकारी के अनुसार, मिडिल स्कूल सरपंच पारा, राणापाल में पदस्थ रहे सोनसिंह यादव 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने अपनी पेंशन शुरू कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करवाने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन इसके लिए उन्हें लगातार BEO कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े।
पेंशन फाइल आगे भेजने के बदले मांगी रिश्वत
इसी दौरान BEO कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी ने पेंशन प्रकरण तैयार कर संबंधित कार्यालय भेजने के बदले सोनसिंह यादव से 40 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। रिश्वत की मांग से परेशान होकर रिटायर्ड कर्मचारी ने एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत सत्यापन के बाद ACB ने बिछाया जाल
शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB जगदलपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के तहत बाबू सतीश सोढ़ी को 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी हिरासत में, आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी बाबू को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की पुष्टि शिकायतकर्ता सोनसिंह यादव और ACB जगदलपुर के उप पुलिस अधीक्षक रमेश मरकाम ने की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



