February 7, 2026
Kanker:  तेंदुए के हमले से ग्रामीण की मौत, पहाड़ी इलाके में मिला कंकाल, गांव में दहशत

Kanker: तेंदुए के हमले से ग्रामीण की मौत, पहाड़ी इलाके में मिला कंकाल, गांव में दहशत

Feb 6, 2026

जंगल गए ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोरर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुर्री गांव में तेंदुए के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब कुछ दिनों बाद जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में ग्रामीण का कंकाल और खोपड़ी बरामद की गई। इस घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है।

कपड़ों से हुई मृतक की पहचान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की औपचारिक पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो पाई है, हालांकि परिजनों ने घटनास्थल पर मिले कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ग्रामीण बांस काटने के लिए पहाड़ी इलाके में गया था, जहां तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। कंकाल के पास बांस मिलने से इस आशंका को बल मिला है।

घर लौटते समय हुआ था लापता
बताया जा रहा है कि मृतक रविवार 1 फरवरी की शाम अपनी बेटी के घर से भानुप्रतापपुर के पास कोर्राम पारा स्थित अपने घर के लिए निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह से आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन तक तलाश के बाद भी जानकारी न मिलने से परिजन चिंतित हो गए।

पहाड़ी पर मिले कपड़े और खोपड़ी
मंगलवार शाम मृतक के दामाद को पहाड़ी क्षेत्र में कुछ कपड़े दिखाई दिए, जो मृतक के बताए जा रहे हैं। शक होने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की, जिसके बाद पहाड़ी पर मानव खोपड़ी बरामद हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस-वन विभाग की संयुक्त जांच
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने खोपड़ी को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल संयुक्त टीम घटनास्थल के आसपास मृतक के शरीर के अन्य अवशेषों की तलाश कर रही है। साथ ही तेंदुए की मौजूदगी के संकेत मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।

ग्रामीणों में डर, पिंजरा लगाने की मांग
घटना के बाद से कुर्री गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में पहले भी तेंदुए की आवाजाही देखी गई थी, लेकिन अब हमले के बाद लोग जंगल जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने या इलाके में पिंजरा लगाने की मांग की है।

 

👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix