
दंतेवाड़ा में जादू-टोना के शक में भतीजे ने की चाचा की निर्मम हत्या
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से जादू-टोना से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जादू-टोना करने के शक में एक भतीजे ने अपने ही चाचा की टंगिया से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान, आरोपी कौन है?
इस घटना में मृतक की पहचान कोसा मंडावी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी भतीजे का नाम मुड़ा उर्फ मनकू मंडावी (27 वर्ष) बताया गया है। आरोपी को शक था कि उसकी मां सुकड़ी मंडावी की मौत जादू-टोना के कारण हुई है और इसके लिए वह अपने चाचा को जिम्मेदार मानता था।
मां की मौत का बदला लेने रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपने चाचा कोसा मंडावी पर लंबे समय से शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। आरोपी का मानना था कि उसकी मां की मौत जादू-टोना के कारण हुई है और इसके पीछे उसके चाचा का हाथ है। इसी शक में उसने बदला लेने की साजिश रची।

3 फरवरी को टंगिया से किया जानलेवा हमला
वारदात 3 फरवरी 2026 की है। मौका पाकर आरोपी अपने चाचा के घर पहुंचा और टंगिया से सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
आंगन में खून से लथपथ मिला शव
मंगलवार को पुलिस को मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम पोंदुम-2 के गोटखुटापारा में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कोसा मंडावी का शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला।

जंगल में छिपा था आरोपी, DRG की मदद से गिरफ्तारी
4 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम पोंदुम और जारम के बीच जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, हथियार बरामद
थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टंगिया और खून से सना हाफ नेकर भी जब्त किया।
कोर्ट में पेशी, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



