
Korba: खाई में गिरी कार तीन बार पलटी, कांग्रेस नेता समेत दो की मौत, दो घायल
कोरबा। जिले में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उरगा थाना क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और तीन बार पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे कार सवार
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय गुरुवार रात अपनी कार से बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक कार में सवार थे।

रास्ता भटकने से हुआ हादसा
चारों लोग गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा पहुंचे। कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने के कारण कार खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। निर्माणाधीन सड़क पर पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार गहरी खाई में गिर पड़ी।
सिर और सीने में गंभीर चोट से मौत
खाई में गिरने के बाद कार तीन बार पलटी। हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटी पुलिस, क्षेत्र में शोक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



