
Janjgir Champa: बुड़हीन दाई मंदिर से चांदी के मुकुट चोरी
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान, 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में आस्था से जुड़ी चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पोड़ीदहला गांव स्थित बुड़हीन दाई मंदिर से माता के चांदी के दो मुकुट चोरी कर लिए गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मध्यरात्रि में ताला तोड़कर की चोरी
यह मामला कोटमीसोनार सहायता केंद्र चौकी क्षेत्र का है। चौकी प्रभारी एएसआई राजेंद्र क्षत्रिय ने बताया कि 1 और 2 फरवरी की मध्यरात्रि अज्ञात चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर माता के श्रृंगार में उपयोग होने वाले दो चांदी के मुकुट चोरी कर लिए। चोरी गए मुकुटों का कुल वजन लगभग 10 तोला चांदी बताया गया है।

सुबह जानकारी मिलते ही फैला आक्रोश
सुबह मंदिर खुलने पर चोरी की जानकारी ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। मंदिर समिति और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक रात के समय मंदिर में घुसकर चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पोड़ीदहला गांव निवासी राहुल कुमार (18 वर्ष) के रूप में की।
मोबाइल खरीदने के लिए रची चोरी की योजना
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि मोबाइल फोन खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसी कारण उसने मंदिर से चांदी के मुकुट चोरी करने की योजना बनाई।
चोरी का सामान बरामद, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों चांदी के मुकुट और चोरी में इस्तेमाल किया गया सबल (लोहे की रॉड) बरामद कर लिया है। बरामद मुकुटों को सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



