
Raipur: 8 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़खानी और यौन शोषण, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। 4 फरवरी की रात दो बच्चियों के साथ एक युवक ने घिनौना अपराध किया, जिसमें 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण किया गया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
तेलीबांधा चौक के पास खेल रही थीं दोनों बच्चियां
घटना 4 फरवरी की रात की है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, उनकी 8 वर्षीय बेटी और उसकी सहेली (लगभग 11 वर्ष) तेलीबांधा चौक के पास खेल रही थीं। तभी एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार चालक ने दोनों को ललचाया और कहा, “चलो, तुमको खाना खिला कर लाता हूं।” दोनों बच्चियां उसके बहकावे में आ गईं और आरोपी उन्हें ललित महल की ओर ले गया।

सहेली को भेजा खाने का सामान लाने, फिर किया अपराध
आरोपी ने चालाकी से 11 वर्षीय सहेली को कुछ खाने का सामान लेने के लिए भेज दिया। जैसे ही सहेली दूर गई, आरोपी ने कार आगे बढ़ाई और 8 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ की तथा उसके साथ यौन शोषण (गलत काम) किया। पीड़िता के रोने-चिल्लाने पर आरोपी ने उसे छोड़ दिया। बच्ची घर पहुंची तो उसने पूरी घटना मां को बताई, जिसके बाद मां ने तुरंत पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी नवीन सोनी गिरफ्तार, ट्रेवल एजेंसी में ड्राइवर
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन सोनी (उम्र 21 वर्ष, निवासी सिलतरा) को हिरासत में ले लिया और गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी एक ट्रेवल एजेंसी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत है। पुलिस ने मामले में अपहरण, बलात्कार और पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



