
Durg : सामुदायिक भवन के भूमिपूजन पर विवाद
दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंप-1 इलाके में गुरुवार सुबह सामुदायिक भवन के भूमिपूजन को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। नगर निगम द्वारा मुस्लिम समाज के लिए प्रस्तावित सामाजिक भवन को स्वीकृति दी गई थी और इसके लिए राशि भी स्वीकृत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने जताया विरोध
भूमिपूजन कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और हिंदू संगठन मौके पर पहुंच गए और निर्माण का विरोध शुरू कर दिया। विरोध करने वालों का कहना है कि जिस परिसर में सामुदायिक भवन प्रस्तावित है, वहां पहले से एक पुराना मंदिर मौजूद है।
मंदिर की आस्था से जुड़ा मामला बताया
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन बनने के बाद वहां खाने-पीने की व्यवस्था होगी, जिसमें नॉनवेज भोजन भी शामिल हो सकता है। इससे मंदिर की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचने की आशंका जताई गई।

मुस्लिम समाज ने जताई सहमति और शांति की बात
मुस्लिम समाज की ओर से सैय्यद मुस्ताक ने कहा कि समाज ने संवैधानिक तरीके से सामुदायिक भवन की मांग की थी और निगम से अनुमति मिलने के बाद भूमिपूजन रखा गया था। उन्होंने कहा कि, “अगर भवन बनता है तो भी ठीक है, नहीं बनता है तो भी हमें कोई आपत्ति नहीं है। हम वर्षों से भाईचारे के साथ रहते आए हैं और आगे भी शांति बनाए रखेंगे।”
हिंदू संगठन का आरोप – नहीं दिया गया न्योता
बजरंग दल के सहसंयोजक अजय सिंह ने आरोप लगाया कि भूमिपूजन कार्यक्रम में हिंदू समाज के लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया था। उनका कहना है कि यह भवन केवल एक समुदाय के हित में बनाया जा रहा है, इसलिए मोहल्लेवासियों ने इसका विरोध किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
विवाद की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ समय के लिए झड़प जैसी स्थिति भी बनी, लेकिन समय रहते पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



