
बहन से बातचीत के शक में युवक की चाकू मारकर हत्या
मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत फरहदा गांव में हुए हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। बहन से बातचीत करने के शक में हुए इस विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

तालाब के पास हुआ था जानलेवा हमला
यह वारदात 2 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे फरहदा गांव के खरवोरवा तालाब पार के पास हुई। घटना के संबंध में अर्जुन साहू (20 वर्ष) ने 3 फरवरी को जरहागांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
हाथ-मुक्कों से शुरू हुआ विवाद, चाकू से हमला
शिकायत के अनुसार, जयपाल उर्फ कल्लू साहू ने अर्जुन साहू और कोमल साहू (19 वर्ष) के साथ पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान उसके साथी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया। हितेश ने अर्जुन साहू के पेट और दाहिने हाथ की उंगली पर वार किया, जबकि कोमल साहू के पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान कोमल साहू की मौत
घायल कोमल साहू को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब ढाई महीने पहले जयपाल उर्फ कल्लू साहू का कोमल साहू से अर्जुन की बहन से बातचीत करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
बटनदार चाकू और मोबाइल फोन जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अपराध में इस्तेमाल बटनदार चाकू और मोबाइल फोन को गवाहों के सामने जब्त किया गया। साथ ही परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए गए।

आरोपियों ने जुर्म कबूला
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बहन से बातचीत के संदेह पर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
दो आरोपी गिरफ्तार
•हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (18 वर्ष 10 माह), निवासी बजरंगपारा, जरहागांव
•जयपाल उर्फ कल्लू साहू (20 वर्ष), निवासी फरहदा
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



