
तीन नाबालिग सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
गाजियाबाद के भारत सिटी इलाके में बुधवार तड़के एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। टीलामोड़ थाना क्षेत्र के भारत सिटी सोसायटी में एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग को लेकर माता-पिता की आपत्ति के बाद 9वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
देर रात 2:30 बजे की है घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारत सिटी सोसायटी निवासी चेतन कुमार की तीन बेटियां—निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाकी (12 वर्ष)—ने सामूहिक रूप से यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय चेतन कुमार अपनी पत्नी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे, जबकि तीनों बहनें अपने कमरे में थीं।

खिड़की से लगाई छलांग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनों ने अपने कमरे की खिड़की से 9वीं मंजिल से छलांग लगाई। तेज आवाज सुनकर सोसायटी के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर टीलामोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ऑनलाइन गेमिंग की लत और पढ़ाई छूटने की बात
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों बहनें पिछले कुछ महीनों से ऑनलाइन गेम खेल रही थीं। बताया जा रहा है कि कोरोना काल के बाद से उन्होंने पढ़ाई भी छोड़ दी थी। परिजनों द्वारा ऑनलाइन गेमिंग पर आपत्ति जताए जाने के बाद पारिवारिक तनाव की स्थिति बनी, जिसे घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल फोन, गेमिंग एप्स और पारिवारिक परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। साथ ही सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



