
Rajim के दुतकैय्या खपरी गांव में सिलसिलेवार हिंसा, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
राजिम। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैय्या खपरी में 1 फरवरी 2026 को हुई सिलसिलेवार हिंसक वारदातों ने पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा कर दी थी। पुरानी रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले मुख्य आरोपी के नेतृत्व में चार अलग-अलग स्थानों पर हमले, मारपीट और लूट की घटनाएं हुईं, जिसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया। हालांकि, पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से महज कुछ घंटों में स्थिति नियंत्रण में आ गई और शांति बहाल हो गई।

मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास और वारदातों का सिलसिला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी आरिफ खान का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2024 में बावेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में वह आरोपी था और जमानत पर बाहर आया था। 1 फरवरी को दोपहर 3:00 से 3:30 बजे के बीच आरिफ खान ने अपने साथियों इमरान सिद्धकी और सलीम खान के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते चार अलग-अलग स्थानों पर हिंसक हमले किए:
- पहला हमला: ग्राम बासीन के पेट्रोल पंप के पास रेखराम यादव के साथ गाली-गलौज और मारपीट।
- दूसरा हमला: धान मंडी धमनी के पास ललित कुमार साहू का रास्ता रोककर मारपीट।
- तीसरी वारदात (लूट): परसदाजोशी सब स्टेशन कार्यालय में घुसकर अरविंद साहू से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूट।
- चौथा हमला: अरंड रोड बकली के पास नरेंद्र कुमार साहू को डंडे से पीटना और मोबाइल छीनना।
इन घटनाओं ने गांव में भारी आक्रोश पैदा किया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ आरोपी के घर के पास जमा हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारियां
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। तकनीकी साक्ष्यों, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य सुरागों के आधार पर मात्र 3 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी आरिफ खान, इमरान सिद्धकी और सलीम खान को हिरासत में ले लिया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया और जांच जारी रखी है।
भीड़ नियंत्रण में चुनौतियां और घायल
आरोपियों की हरकतों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें पथराव और अन्य घटनाएं हुईं। इस दौरान 7 पुलिस जवान घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में चल रहा है। दो ग्रामीण राजू खान और अनवर खान भी घायल हुए, जिन्हें रायपुर रेफर किया गया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



