
Chhattisgarh : वाहन चेकिंग के दौरान टीआई की गाली-गलौज का वीडियो वायरल
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से एक थाना प्रभारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी वाहन चेकिंग के दौरान एक कारोबारी से गाली-गलौज करते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो पोंडी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में दिखे पोंडी थाना प्रभारी
जानकारी के अनुसार, गाली-गलौज करते दिख रहे थाना प्रभारी का नाम राजवीर गायकवाड़ है, जो वर्तमान में पोंडी थाने में पदस्थ हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान हुआ विवाद
दरअसल, शनिवार रात पोंडी चौक पर पुलिस द्वारा वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक कार को रोका गया। आरोप है कि वह निजी (डोमेस्टिक) वाहन था, लेकिन उसका उपयोग व्यावसायिक (कमर्शियल) गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। इसी बात को लेकर थाना प्रभारी और वाहन चालक के बीच विवाद हो गया।
गाली-गलौज का वीडियो हुआ वायरल
विवाद के दौरान थाना प्रभारी चालक से आपत्तिजनक भाषा में बात करते नजर आए। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ तौर पर थाना प्रभारी को वाहन चालक से गाली-गलौज करते हुए देखा जा सकता है।

थाना प्रभारी ने दी सफाई
मामले को लेकर पोंडी थाना प्रभारी राजवीर गायकवाड़ ने बताया कि संबंधित वाहन निजी था, लेकिन उसका उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था। वाहन जांच के दौरान चालक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं रुका। नियमों के उल्लंघन पर वाहन को रोककर 5500 रुपये का ई-चालान काटा गया।
सीएसपी ने जांच का दिया आश्वासन
इस पूरे मामले पर चिरमिरी की सीएसपी दीपिका मिंज ने कहा कि वायरल वीडियो की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी से पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन चालक को रोका जा रहा था, लेकिन वह नहीं रुका, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोका। जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



