
Raipur कमिश्नरेट प्रणाली के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों को मिला विशेष प्रशिक्षण
रायपुर जिले में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद कमिश्नरेट के अंतर्गत कार्यरत पुलिस अधिकारियों के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के दायित्वों को लेकर दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

C4 सेंटर में हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम
यह विशेष प्रशिक्षण 30 एवं 31 जनवरी को कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (C4), रायपुर में आयोजित किया गया, जिसमें सहायक पुलिस आयुक्त से लेकर उच्च श्रेणी के सभी राजपत्रित अधिकारी शामिल हुए।
पुलिस कमिश्नर ने किया उद्घाटन
प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (IPS) ने किया। उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट प्रणाली के अंतर्गत प्राप्त शक्तियों का उपयोग सजगता, संवेदनशीलता और विधिसम्मत तरीके से किया जाना आवश्यक है, जिससे आम जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो।

कानूनी अधिकारों की दी गई व्यावहारिक जानकारी
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट से संबंधित अधिकारों, दायित्वों, कानूनी प्रावधानों एवं व्यावहारिक प्रक्रियाओं की गहन जानकारी देना था, ताकि कानून-व्यवस्था का त्वरित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यशाला के दौरान अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले (IPS), डीसीपी उमेश गुप्ता (मध्य जोन), डीसीपी मयंक गुर्जर (उत्तर जोन), डीसीपी संदीप पटेल (पश्चिम जोन) एवं डीसीपी स्मृतिक राजनाला (साइबर एवं क्राइम) उपस्थित रहे।

के.के. वाजपेयी ने दिया विशेषज्ञ प्रशिक्षण
प्रमुख प्रशिक्षक के रूप में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री के.के. वाजपेयी ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के दायित्वों, वैधानिक शक्तियों एवं प्रक्रियाओं पर विस्तृत और व्यवहारिक मार्गदर्शन दिया। केस स्टडी, उदाहरण और प्रश्न-उत्तर सत्रों के माध्यम से अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
50 से अधिक अधिकारी हुए प्रशिक्षित
इस विशेष पाठशाला में कमिश्नरेट रायपुर के सभी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (Addl DCP) एवं सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अपने स्टाफ के साथ शामिल हुए। कुल 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


