
Raipur मरीन ड्राइव पार्किंग विवाद: महापौर का बड़ा फैसला, “मॉर्निंग वॉक वालों के लिए पार्किंग रहेगी पूरी तरह फ्री”
रायपुर। राजधानी रायपुर के सबसे पसंदीदा हैंगआउट डेस्टिनेशन तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) में पार्किंग शुल्क लागू किए जाने के बाद मचे बवाल पर महापौर मीनल चौबे ने विराम लगा दिया है। शनिवार को मरीन ड्राइव पहुंचकर महापौर ने स्पष्ट किया कि सुबह के समय मॉर्निंग वॉक करने आने वाले शहरवासियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। पार्किंग शुल्क का नियम केवल दोपहर 12 बजे के बाद आने वाले वाहनों पर लागू होगा।

क्या है नया रेट कार्ड?
नगर निगम ने बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पाथवे क्षेत्र को पार्किंग जोन घोषित किया है। नए आदेश के मुताबिक:
- चार पहिया वाहन: 20 रुपये (4 घंटे के लिए)
- दो पहिया वाहन: 10 रुपये (12 घंटे के लिए)
- दोपहर 12:00 बजे तक: पार्किंग पूरी तरह नि:शुल्क।
“जनता सुझाव दे, हम सुधारेंगे व्यवस्था”
महापौर मीनल चौबे ने ‘लल्लूराम डॉट कॉम’ से चर्चा में कहा कि नगर निगम का लक्ष्य पार्किंग से राजस्व वसूली करना नहीं, बल्कि पाथवे पर होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग को व्यवस्थित करना है। उन्होंने बताया कि निगम के कर्मचारी खुद मौके पर तैनात रहकर फीडबैक लेंगे। महापौर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दें ताकि किसी भी आम नागरिक को परेशानी न हो।

विपक्ष हमलावर: कांग्रेस करेगी विरोध
दूसरी ओर, इस फैसले को लेकर रायपुर की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे ‘राजस्व वसूली’ का जरिया बताते हुए मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन और पूर्व महापौर प्रमोद दुबे का कहना है कि वे जल्द ही इसके खिलाफ आंदोलन करेंगे। कांग्रेस का तर्क है कि पैदल चलने वाले पाथवे को पार्किंग जोन में बदलना अनुचित है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



