
Rajnandgaon : ट्रेन में अवैध वसूली कर रहे चार किन्नर हिरासत में
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रेल मदद ऐप पर प्राप्त शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन में यात्रियों से अवैध वसूली कर रहे चार किन्नरों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के नागपुर मंडल अंतर्गत की गई।

बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में हुई शिकायत
दिनांक 29 जनवरी 2026 को गाड़ी संख्या 22816 बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री सोमेश कुमार ने रेल मदद ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ट्रेन के जनरल कोच में कुछ किन्नर यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जबरन पैसे की मांग कर रहे थे।
राजनांदगांव स्टेशन पर RPF की घेराबंदी
शिकायत मिलते ही RPF की टीम राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची और संबंधित कोच की घेराबंदी की। इस दौरान मधु (27), सोनाली (42), काजल (35) और डिल्लू (27) को हिरासत में लिया गया। सभी आरोपी साई नगर, उरला, जिला दुर्ग के निवासी बताए गए हैं।
बिना टिकट यात्रा और अवैध वसूली का खुलासा
जांच के दौरान यह सामने आया कि पकड़े गए किन्नरों के पास वैध यात्रा टिकट नहीं था। ड्यूटी पर तैनात टीटीई द्वारा उनसे जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही यात्रियों को परेशान करने और अवैध वसूली के आरोप में रेलवे अधिनियम की धारा 145(B) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



