
सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन के सामने हनुमान मंदिर से दानपेटी चोरी
कोरबा शहर के सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन के सामने स्थित श्री श्री हनुमान मंदिर से अज्ञात चोरों ने देर रात दानपेटी चोरी कर ली। चोरों ने मंदिर में लगी दानपेटी की जंजीर काटकर उसे लेकर फरार हो गए। पूरी चोरी की घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सुबह पूजा के दौरान सामने आया मामला
शनिवार सुबह नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे ऑटो संघ के सदस्य और पदाधिकारी उस समय हैरान रह गए, जब उन्होंने मंदिर से दानपेटी गायब पाई। इसके बाद तत्काल रेलवे आरपीएफ और जिला कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
डेढ़–दो साल से नहीं खोली गई थी दानपेटी
ऑटो संघ के सदस्यों के अनुसार, मंदिर की दानपेटी पिछले लगभग डेढ़ से दो साल से नहीं खोली गई थी। प्रतिदिन ऑटो संघ के सदस्य और श्रद्धालु इसमें चढ़ावा चढ़ाते थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि दानपेटी में करीब 80 से 90 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
रात करीब 12 बजे की बताई जा रही घटना
ऑटो चालक यशवंत कुमार चंद्रा ने बताया कि चोरी की यह वारदात देर रात करीब 12 बजे हुई है। सीसीटीवी फुटेज में चोर दानपेटी को उठाकर ले जाते हुए साफ नजर आ रहे हैं।

RPF थाना पास होने के बावजूद चोरी
यह मंदिर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित है, जहां दिन-रात लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इतना ही नहीं, पास में रेलवे आरपीएफ थाना भी मौजूद है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
ऑटो संघ की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है और आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3Va



