
रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
राजधानी रायपुर में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गंज थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 31 जनवरी 2026 की रात नागोव गली अंडरब्रिज के पास से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 37.50 लाख रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन और तीन लग्जरी कारें बरामद की गई हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 92.50 लाख रुपये आंकी जा रही है।

मोबाइल के जरिए चल रहा था ऑनलाइन सट्टा
पुलिस को सूचना मिली थी कि महिंद्रा थार और नेक्सा एक्सयूवी कार में बैठे कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेल रहे हैं और खिलवा रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद गंज थाना पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दो कारों में सवार 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में
•ऋषभ देव पाण्ड्या
•पीयूष जैन
•जितेन्द्र कुमार कपलानी उर्फ जिंटू
•दीपक अग्रवाल
•कमल राधवानी
•सचिन जैन
वेबसाइट के जरिए मास्टर आईडी बनाकर हो रहा था सट्टा
जांच में सामने आया है कि आरोपी jmdbet777.com और Classic777.com जैसी वेबसाइटों के जरिए मास्टर आईडी बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेल रहे थे और अन्य लोगों को भी खिलवा रहे थे। पूछताछ के दौरान आरोपी किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
गंज थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



