
Raigarh : नाबालिगों को नशे के लिए व्हाइटनर बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालक गिरफ्तार, 234 पेन जब्त
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों को नशे के लिए व्हाइटनर (व्हाइट इंक करेक्शन पेन) बेचने के आरोप में दो स्टेशनरी दुकान संचालकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मुखबिर तंत्र के सक्रिय होने के बाद हुई।
दुकानों पर दबिश, बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद
पुलिस ने लैलूंगा के हाईस्कूल के सामने स्थित साक्षी स्टेशनरी के संचालक चंद्रभान पटेल और प्रिया फैन्सी स्टोर के संचालक उमेश पटेल की दुकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में कुल 234 नग कोरस इराज-एक्स व्हाइट इंक करेक्शन पेन सेट (डाइल्यूटर पेन) जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 6,990 रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी उमेश पटेल के पास से एक रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 5,000 रुपये है। जप्त सामग्री का पंचनामा विधिवत तैयार किया गया।

नाबालिगों के स्वास्थ्य को खतरा
पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी जानबूझकर यह जानते हुए कि व्हाइटनर एक हानिकारक पदार्थ है, नाबालिग बच्चों को इसे नशे के लिए बेच रहे थे। इससे बच्चों के मानसिक विकास और स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा था। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऐसी बिक्री से बच्चों में नशे की लत लगने की आशंका बढ़ जाती है, जो उनके भविष्य को तबाह कर सकती है।
कानूनी कार्रवाई और धाराएं
थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 26/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम (जे.जे. एक्ट) की धारा 77 के साथ ही भारतीय दंड संहिता (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 123, 275 और 286 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
यह सफलता एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में हासिल हुई। थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन, आरक्षक सुमित एक्का और जितेन्द्र कुर्रे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



