
पत्नी के घर घुसकर किया हंगामा: बीच-बचाव करने आए भांजे पर ‘कटर’ से जानलेवा हमला, आरोपी पति गिरफ्तार
दुर्ग। सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न केवल अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आए अपने सगे भांजे पर धारदार कटर से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त कटर बरामद कर लिया है।
बहन के घर रह रही थी पत्नी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया गैदी बंजारे (49 वर्ष) मूल रूप से गोंदिया (महाराष्ट्र) की रहने वाली है, लेकिन पारिवारिक अनबन के कारण वह दुर्ग के मिलपारा डिपरापारा में अपनी बहन के घर रह रही थी। गुरुवार, 29 जनवरी की रात करीब 8:30 बजे उसका पति दुर्गा बंजारे अपने भांजे धनराज के साथ वहां पहुँचा।

भांजे के गले पर चलाया कटर
आरोप है कि घर पहुँचते ही दुर्गा बंजारे ने अपनी पत्नी के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए गला दबाने लगा। जब भांजा धनराज अपनी मौसी को बचाने के लिए बीच में आया, तो आरोपी ने हत्या की नीयत से पास रखे धारदार कटर से धनराज पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा
घटना की शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी दुर्गा बंजारे (54 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया कटर जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्यवाही में उपनिरीक्षक निर्मल सिंह ध्रुव और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



