
दंतेश्वरी मंदिर चोरी के 6 दिन बाद फिर Jagdalpur में बड़ी वारदात, फुटवियर कारोबारी के घर 16 लाख की सेंधमारी
जगदलपुर। बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में कानून व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग की धज्जियां उड़ाते हुए चोरों ने एक बार फिर बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सन सिटी कॉलोनी में रहने वाले फुटवियर व्यापारी सुरेश मठानी के सूने घर से चोरों ने महज तीन घंटे के भीतर करीब 15 से 16 लाख रुपये के जेवरात और नगदी पार कर दी। दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी के महज 6 दिन बाद शहर के बीचों-बीच हुई इस घटना से नागरिकों में दहशत और पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है।

रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, व्यापारी सुरेश मठानी गुरुवार शाम करीब 7 बजे अपनी बहू की डिलीवरी के लिए परिवार समेत डिमरापाल अस्पताल गए थे। रात करीब 10 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो घर के अंदर का मंजर देखकर दंग रह गया। चोरों ने घर के पीछे के रास्ते से प्रवेश किया और अलमारियों के लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नगदी बटोर ली। घटनास्थल की स्थिति देखकर साफ लग रहा है कि चोरों ने पूरी रेकी की थी और उन्हें परिवार के बाहर जाने की सटीक जानकारी थी।
सीसीटीवी में कैद हुआ ‘हथियारबंद’ चोर
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध चोर दिखाई दे रहा है, जिसके हाथ में धारदार हथियार भी नजर आ रहा है। यह फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकता है, लेकिन शहर में लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

कोतवाली पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर सवाल
बीते 23-24 जनवरी की दरमियानी रात बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में चोरी हुई थी, जिसमें आरोपी का चेहरा सीसीटीवी में दिखने के बावजूद पुलिस अब तक उसे पकड़ नहीं पाई है। मंदिर चोरी के मामले में पुलिस ने 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया है, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। अब सन सिटी कॉलोनी की इस बड़ी चोरी ने साबित कर दिया है कि जगदलपुर में चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं।
फिलहाल, पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि वे दंतेश्वरी मंदिर और इस चोरी के बीच किसी लिंक की भी तलाश कर रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



