
Durg : न्यायालय परिसर में पुलिस का आकस्मिक चेकिंग अभियान, तीन संदिग्धों पर कार्रवाई
अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा न्यायालय परिसर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एण्टी क्राईम एवं साइबर यूनिट द्वारा आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला के निर्देशानुसार दिनांक 29 जनवरी 2026 को न्यायालय परिसर में आयोजित किया गया।

20 सदस्यीय विशेष टीम रही तैनात
अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) के मार्गदर्शन में किया गया। एण्टी क्राईम एवं साइबर यूनिट की 20 सदस्यीय विशेष टीम ने न्यायालय परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी। इस दौरान संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।

तीन व्यक्तियों से आपत्तिजनक वस्तुएँ बरामद
आकस्मिक चेकिंग के दौरान लगभग तीन व्यक्तियों के कब्जे से आपत्तिजनक वस्तुएँ बरामद की गईं। इनके विरुद्ध थाना सिविल लाइन में प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

संदिग्धों की पृष्ठभूमि जांच, कड़ी समझाइश
इसके अलावा कुछ अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और पृष्ठभूमि की गहन जांच की गई। जांच के पश्चात उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त न होने की सख्त हिदायत देते हुए चेतावनी के साथ मौके से रवाना किया गया।

आमजन और अधिवक्ताओं को सुरक्षा का भरोसा
चेकिंग अभियान के दौरान न्यायालय परिसर में उपस्थित अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को पुलिस द्वारा सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु इस प्रकार के आकस्मिक चेकिंग और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



