
Raipur: FD मैच्योरिटी का झांसा देकर ठगों ने एक व्यक्ति से 9.60 लाख रुपये की Cyber ठगी
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां एफडी मैच्योरिटी का झांसा देकर ठगों ने एक व्यक्ति से 9.60 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले की शिकायत पर मुजगहन पुलिस ने अपराध दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
एफडी भुगतान का दिया झांसा
मिली जानकारी के अनुसार, बगदई वाटिका कांदुल निवासी परमजीत सिंह चड्ढा (55 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परमजीत को 26 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों 8826982241 और 7668121478 से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक से जुड़ा बताते हुए परमजीत को उनकी एफडी के मैच्योर होने की जानकारी दी।

98 लाख मिलने की बात कहकर भरोसा जीता
ठगों ने परमजीत को बताया कि उनकी एफडी के एवज में उन्हें कुल 98 लाख 64 हजार रुपये मिलने वाले हैं और इसके भुगतान की प्रक्रिया शुरू करनी होगी। इस पर परमजीत भुगतान लेने के लिए तैयार हो गया।
नकली एफडी दस्तावेज भेजकर ठगी
आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देते हुए एफडी के नकली दस्तावेज ऑनलाइन भेजे। इसके बाद ठगों ने अपने बताए गए बैंक खाते में परमजीत से कुल 9.60 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
तीन दिन बाद हुआ ठगी का अहसास
लगातार भुगतान के बाद भी जब कोई राशि वापस नहीं मिली, तब तीन दिन बाद परमजीत को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार देर रात मुजगहन थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल, बैंक खाते और ऑनलाइन लेन-देन की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



