
भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा और गाली-गलौज करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अमित सेन के रूप में हुई है, जो मिलाई स्थित आरोग्य हॉस्पिटल में ड्रेसर के तौर पर काम करता है।

नशे की हालत में किया था पोस्ट शेयर
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो और पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने यह पोस्ट नशे की हालत में शेयर की थी।

NSUI की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
इस मामले को लेकर NSUI अध्यक्ष शांतनु झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और प्रदेश पदाधिकारियों ने 27 जनवरी को सिविल लाइन थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। NSUI ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

BNS की धाराओं में केस दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमित सेन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2) और 356 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद गुरुवार, 29 जनवरी को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
NSUI ने थाना प्रभारी दीपक पासवान को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। संगठन के प्रदर्शन और दबाव के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की। आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू ने की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



