
18 साल बाद ‘पोरा बाई’ नकल कांड में बड़ा फैसला, अदालत ने छात्रा और प्राचार्य समेत 4 को सुनाई 5-5 साल की सजा
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित शिक्षा घोटालों में से एक ‘पोरा बाई नकल प्रकरण’ में 18 साल बाद न्याय हुआ है। जांजगीर-चांपा के द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश जी.आर. पटेल की अदालत ने निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए मुख्य आरोपी छात्रा पोरा बाई, तत्कालीन प्राचार्य और केंद्राध्यक्ष समेत 4 लोगों को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने सभी दोषियों को 5-5 साल के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है।

क्या था यह बहुचर्चित मामला?
यह मामला साल 2008 का है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिर्रा की छात्रा पोरा बाई ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में पूरे प्रदेश की मेरिट सूची (प्रावीण्य सूची) में पहला स्थान हासिल किया था। हालांकि, परिणाम के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) को संदेह हुआ। जब जांच कराई गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पोरा बाई की उत्तरपुस्तिका में जो लिखावट थी, वह उसकी अपनी नहीं थी। जांच में पाया गया कि दस्तावेजों और परीक्षा प्रक्रिया में भारी हेराफेरी कर उसे टॉपर बनाया गया था।
12 साल बाद निचली अदालत ने किया था बरी
इस मामले में पोरा बाई, प्राचार्य एस.एल. जाटव, केंद्राध्यक्ष फूलसाय नृसिंह और अन्य समेत 9 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी (420), कूटरचना (467, 468, 471) और आपराधिक साजिश (120-बी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। साल 2021 में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी चांपा ने सबूतों के अभाव में सभी 9 आरोपियों को बाइज्जत बरी कर दिया था। इस फैसले के खिलाफ सत्र न्यायालय में अपील की गई थी।
अदालत की सख्त टिप्पणी: “मेहनती छात्रों के साथ हुआ अपराध”
अपील की सुनवाई करते हुए द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश ने पाया कि आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत इस अपराध को अंजाम दिया था। कोर्ट ने सजा सुनाते हुए कड़ी टिप्पणी की और कहा— “आरोपियों ने केवल माध्यमिक शिक्षा मंडल के साथ ही नहीं, बल्कि उन लाखों छात्रों के भविष्य के साथ भी अपराध किया है जो दिन-रात कड़ी मेहनत करते हैं।”

इन 4 दोषियों को मिली सजा
- पोरा बाई (छात्रा)
- फूलसाय नृसिंह (केंद्राध्यक्ष)
- एस.एल. जाटव (प्राचार्य)
- दीपक जाटव
मामले के अन्य 5 आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया है। 18 साल तक चले इस कानूनी उतार-चढ़ाव के बाद आए इस फैसले ने शिक्षा जगत में हड़कंप मचा दिया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



