February 1, 2026
धर्मांतरण कराने का आरोप, सरगुजा में रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर गिरफ्तार

धर्मांतरण कराने का आरोप, सरगुजा में रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर गिरफ्तार

Jan 29, 2026

सरगुजा। सरगुजा जिले में धर्मांतरण के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उनके निवास पर बीते करीब एक वर्ष से हर रविवार चंगाई सभा का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते थे। हिंदुवादी संगठनों ने चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध किया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

26 जनवरी को आयोजित हुई चंगाई सभा

जानकारी के मुताबिक, गांधीनगर थाना क्षेत्र के नमनाकला स्थित ओमेगा टोप्पो के घर में 26 जनवरी को चंगाई सभा आयोजित की गई थी। इसकी सूचना मिलने पर हिंदुवादी संगठनों से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे। उस समय सभा में करीब 50 से 60 लोग मौजूद थे। संगठनों का आरोप है कि सभा के दौरान चार से पांच हिंदू धर्म के लोगों का धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था।

मौके पर पहुंची पुलिस, हुआ विरोध

हिंदुवादी संगठनों के पहुंचने पर देखा गया कि ओमेगा टोप्पो के घर के बाहर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी और अंदर कथित प्रार्थना सभा चल रही थी। सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान ओमेगा टोप्पो ने पुलिसकर्मियों से पहचान पत्र और कार्रवाई से संबंधित आदेश की प्रति मांगी। वहीं, सभा में मौजूद अन्य लोगों ने भी पुलिस को अंदर जाने से रोकते हुए कहा कि प्रार्थना सभा समाप्त होने के बाद ही बातचीत की जा सकती है।


इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

मामले में हिंदुवादी संगठनों से जुड़े रोशन तिवारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने ओमेगा टोप्पो सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 270, 299 बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की धारा 5(क) के तहत अपराध दर्ज किया।

थाने से निकलकर हुई फरार, फिर हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने पूछताछ के लिए ओमेगा टोप्पो को गांधीनगर थाने बुलाया था, जहां से वह निकलने के बाद फरार हो गई थी। बाद में पुलिस को उनके घर लौटने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस ने दबिश देकर 66 वर्षीय ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया।


जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चंगाई सभा में शामिल लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix