
गांधी परिवार की बढ़ी मुश्किलें: राहुल, सोनिया और प्रियंका सहित 45 के खिलाफ कोर्ट में शिकायत, जानिए मामला
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में गांधी परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी और दस्तावेजों में हेराफेरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पांजा फाउंडेशन ने रायबरेली की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में एक अर्जी दाखिल कर सांसद राहुल गांधी, पूर्व सांसद सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और केएल शर्मा समेत 45 लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
कूटरचित दस्तावेजों का है पूरा विवाद
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि रायबरेली में एक स्कूल को सीबीएसई (CBSE) बोर्ड से मान्यता दिलाने के लिए सरकारी कागजों में बड़े स्तर पर हेराफेरी की गई है। फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष बृजेंद्र शरण गांधी के अनुसार, जिस जमीन पर स्कूल बना है, उसका लैंड सर्टिफिकेट तहसील से कभी जारी ही नहीं हुआ था। उन्होंने तत्कालीन तहसीलदार अनिल पाठक के एक पत्र का हवाला देते हुए इसे ‘कूटरचित’ (फर्जी) बताया है।

अधिकारियों की भूमिका
अर्जी में न केवल गांधी परिवार बल्कि कई तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारियों को भी नामजद किया गया है, जिन्होंने कथित तौर पर इस फर्जीवाड़े में मदद की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष न्यायाधीश डॉ. विवेक कुमार ने कोतवाली पुलिस से इस पूरे प्रकरण पर विस्तृत रिपोर्ट (आख्या) तलब की है। पुलिस की रिपोर्ट आने के बाद कोर्ट तय करेगा कि एफआईआर दर्ज होगी या नहीं।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुँची शिकायत
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी शिकायत की थी। हालांकि, पहले जांच अधिकारियों ने इसे पुलिस विभाग का आंतरिक मामला बताकर फाइलों को बंद कर दिया था, जिसके बाद अब अदालत का दरवाजा खटखटाया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



