
कोरबा में रेल पटरी से 2 करोड़ का लोहा चोरी, 60 किमी क्षेत्र में बेखौफ सक्रिय गिरोह
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रेलवे निर्माण कार्य को निशाना बनाते हुए चोरों ने करीब 2 करोड़ रुपये की रेल सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। कुसमुंडा से जटगा के बीच रेल लाइन से पुर्जा-पुर्जा काटकर लोहा चोरी किया गया है। हैरानी की बात यह है कि इससे पहले जिले में ब्रिज चोरी के 10 आरोपी अब तक फरार हैं, जबकि नई वारदातों से पुलिस और रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

ब्रिज चोरी के बाद अब रेल पटरी पर हाथ साफ
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले कोरबा जिले में करीब 30 टन लोहे के ब्रिज की चोरी की घटना सामने आई थी। 17 जनवरी को हुई इस चोरी के मामले में 10 आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। अब चोरों ने रेलवे लाइन निर्माण स्थल को निशाना बनाकर चोरी की एक और बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।
गेवरा-पेंड्रा रेल परियोजना से सामग्री गायब
पुलिस के अनुसार, गेवरा-पेंड्रा नई रेल लाइन परियोजना से लोहे की प्लेट, पटरी से जुड़े पुर्जे और भारी मशीनरी के हिस्से चोरी हुए हैं। यह परियोजना शिवाकृति प्राइवेट कंपनी द्वारा संचालित की जा रही है। कंपनी प्रबंधन ने बांकी मोंगरा और कटघोरा थानों में शिकायत दर्ज कराई है।

60–65 किलोमीटर के दायरे में करोड़ों की चोरी
रेल लाइन बिछाने का कार्य उरगा से पेंड्रा तक लगभग 140 किलोमीटर में चल रहा है। इसी के तहत कुसमुंडा से जटगा के बीच 60–65 किलोमीटर के क्षेत्र में अलग-अलग दिनों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। चोरों ने मौके पर खड़ी एक हाइड्रा मशीन के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे मशीनरी को नुकसान पहुंचा है।
रात के अंधेरे में वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
बताया जा रहा है कि चोरी की अधिकांश घटनाएं रात के समय हुई हैं। सुनसान इलाकों और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाकर कबाड़ चोर सक्रिय हो गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे मामले के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जो कीमती रेल सामग्री को काटकर कबाड़ के रूप में बेच रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, बढ़ाई गई निगरानी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं को जोड़कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



