February 1, 2026
Raipur में नर्सरी स्कूल में मासूम बच्ची के साथ क्रूरता: आया ने दीवार से टकराया सिर

Raipur में नर्सरी स्कूल में मासूम बच्ची के साथ क्रूरता: आया ने दीवार से टकराया सिर

Jan 29, 2026

रायपुर। राजधानी रायपुर के हीरापुर रोड, मोहबा बाजार स्थित निजी स्कूल ‘फास्ट क्राई इंटेलाइटोटस प्री स्कूल एवं डे-केयर’ में छोटे-छोटे बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ आया द्वारा क्रूरता की गई, जिसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना ने अभिभावकों और समाज में आक्रोश पैदा कर दिया है।

गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में यूनिफॉर्म न पहनने पर बच्चों को कमरे में बंद किया
स्कूल में गणतंत्र दिवस की थीम पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान तय यूनिफॉर्म पहनकर न आने वाले बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। यह व्यवहार बच्चों के साथ मानसिक प्रताड़ना के समान माना जा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि ऐसे कदम बच्चों के मनोबल को तोड़ने वाले हैं।

तीन वर्षीय बच्ची को जोर से धक्का, सिर दीवार से टकराया
सबसे गंभीर आरोप एक तीन वर्षीय टॉडलर क्लास की बच्ची पर लगे क्रूरता के हैं। 23 जनवरी (बसंत पंचमी) को बच्ची की मां उसे स्कूल छोड़ने गई थीं। टिफिन कराने के बाद मां ने आया से बच्ची का मुंह धुलवाने को कहा। कुछ देर बाद बच्ची तेज रोते हुए लौटी। आया ने हेयरबैंड गिरने की बात कही, लेकिन बच्ची के सिर में स्पष्ट सूजन दिखाई दी।
बाद में सीसीटीवी फुटेज जांचने पर खुलासा हुआ कि आया ने बच्ची को जानबूझकर जोर से धक्का दिया, जिससे उसका सिर दीवार से टकरा गया। इस चोट से बच्ची को गंभीर चोट आई और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वीडियो में आया की यह क्रूर हरकत साफ देखी जा सकती है, जो अब वायरल हो चुका है।

पीड़ित बच्ची की मां अधिवक्ता, पुलिस में शिकायत दर्ज
पीड़ित बच्ची की मां, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने इस अमानवीय घटना की शिकायत आमानाका पुलिस थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कूल की आया माधुरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एफआईआर में जुवेनाइल जस्टिस (केयर एंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन) एक्ट की धारा 75 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 125 के तहत आरोप लगाए गए हैं। माधुरी पर बच्ची के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मुख्य आरोपी बनाया गया है। अन्य पहलुओं पर पुलिस जांच जारी है।

 

👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix