
धमतरी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी
धमतरी जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और पूरे न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

एनआईसी ईमेल आईडी पर आया धमकी भरा मेल
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि सुबह न्यायालय की एनआईसी ईमेल आईडी पर तमिलनाडु से हिंदी भाषा में एक मेल प्राप्त हुआ था। मेल में “जहर बम” के जरिए कोर्ट परिसर को उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया।
कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
धमकी मिलने के बाद जिला न्यायालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। एहतियातन कोर्ट में आने-जाने वाले सभी लोगों की सघन तलाशी ली जा रही है। आम नागरिकों और कर्मचारियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
बीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीम तैनात
सुरक्षा जांच के लिए बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वायड की टीमों को मौके पर बुलाया गया। न्यायालय परिसर के हर कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

प्रथम दृष्टया अफवाह, लेकिन लापरवाही नहीं
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला अफवाह जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा सकती। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इसी तरह की धमकी के बाद करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया था, जिसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



