
Jagdalpur और Ambikapur कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पाकिस्तान-ISI का नाम लेकर लिखा— लगा दिए हैं जहर गैस के बम
जगदलपुर/अंबिकापुर | छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा संभाग मुख्यालयों में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जगदलपुर और अंबिकापुर जिला न्यायालयों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम धमाके की धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। ईमेल में खुलेआम पाकिस्तान और ISI का जिक्र करते हुए कोर्ट परिसर में सुसाइड बम और जहरीली गैस के हमले की चेतावनी दी गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और आनन-फानन में कोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

धमकी भरे मेल का खौफनाक विवरण
धमकी सुबह करीब 4:30 बजे jeeva_vengai@outlook.com नामक आईडी से भेजी गई, जिसे कोर्ट खुलने के बाद अधिकारियों ने देखा।मेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में 2 सुसाइड बम धमाके किए जाएंगे और 3 जहर गैस बम (नर्व गैस) लगाए गए हैं। भेजने वाले ने इसकी तुलना ‘भोपाल गैस कांड’ से करते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की।
अमोनियम नाइट्रेट का जिक्र
धमकी में धमाके के लिए अमोनियम नाइट्रेट के इस्तेमाल की बात कही गई और जजों को दोपहर 1:45 बजे तक परिसर खाली करने की चेतावनी दी गई। मेल के अंत में “पाकिस्तान-करुणानिधि की साजिश जिंदाबाद” जैसे नारे लिखे गए थे और खुद को DMK व ISI से जुड़ा बताया गया था।
पुलिस और बम स्क्वॉड की कार्रवाई
धमकी की जानकारी मिलते ही बस्तर एसपी और सरगुजा एसपी अपनी टीमों के साथ कोर्ट पहुँचे। एहतियात के तौर पर वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वॉड ने चप्पे-चप्पे को खंगाला। पार्किंग में खड़ी गाड़ियों और कोर्ट के कमरों की बारीकी से जांच की गई। घंटों की जांच के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने इसे प्रारंभिक रूप से ‘होक्स कॉल’ (अफवाह) माना है, लेकिन सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

जांच के घेरे में ‘फेक ईमेल’
बता दें कि इसी तरह के धमकी भरे मेल राजनांदगांव कोर्ट को भी मिले हैं। पुलिस की साइबर टीम अब इस ईमेल के सोर्स (IP Address) को ट्रेस करने में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि यह बस्तर और छत्तीसगढ़ में डर का माहौल बनाने की किसी शरारती तत्व या आतंकी सोच रखने वाले की सोची-समझी साजिश हो सकती है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



