
Raipur एयरपोर्ट पर ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 270 ग्राम कोकीन जब्त
दिल्ली से इंडिगो फ्लाइट से आया आरोपी, करोड़ों की ड्रग्स बरामद
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर माना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 270 ग्राम कोकीन पाउडर बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। यह गिरफ्तारी दिल्ली से रायपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट से उतरते ही की गई।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को पहले से ही मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हवाई मार्ग से मादक पदार्थ लेकर रायपुर पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर माना पुलिस ने एयरपोर्ट पर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कोकीन पाउडर बरामद किया गया।

हवाई मार्ग से तस्करी की नई रणनीति
जमीनी स्तर पर लगातार बढ़ती गिरफ्तारियों के चलते तस्करों ने अब हवाई मार्ग को अपना नया विकल्प बना लिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट पर दिल्ली पुलिस, सीआईएसएफ, डीआरआई और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी के बावजूद आसानी से निकलने में सफल रहा।
कई साल बाद रायपुर एयरपोर्ट पर ड्रग तस्करी का मामला
रायपुर एयरपोर्ट पर लंबे अरसे बाद किसी ड्रग तस्कर की गिरफ्तारी हुई है। खास बात यह भी है कि पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद यह इस तरह की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपी से उसके बैकवर्ड और इनवर्ड लिंक को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे एक बड़ा अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शाम तक पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जा सकता है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



