
Raipur : ‘गोगो पेपर’ और हुक्का सामग्री के अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश, 9 दुकानें सील
युवाओं में तेजी से फैल रहे नशे के प्रचलन पर रोक लगाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के कड़े निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (IPS) के मार्गदर्शन में, गांजा सेवन को बढ़ावा देने वाली सामग्रियों के अवैध कारोबार पर सीधा प्रहार किया गया। इस अभियान के तहत गांजा पीने में उपयोग होने वाले ‘गोगो/रोलिंग पेपर’, चिलम एवं हुक्का सामग्री की अवैध बिक्री करने वाले दुकानों और ठेलों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई।

गोगो पेपर के जरिए नशे के नेटवर्क पर वार
जांच में सामने आया कि शहर के कई पान ठेले और गुमटियां युवाओं को गांजा पीने के लिए विशेष रूप से उपयोग किए जाने वाले रोलिंग पेपर (Gogo Paper) और चिलम खुलेआम बेच रहे थे। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब ₹2 लाख मूल्य के भारी मात्रा में रोलिंग पेपर जप्त किए, जिनका उपयोग गांजे की सिगरेट (जॉइंट) बनाने में किया जाता है। यह सामग्री युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा मानी जा रही है।

COTPA एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई, 9 संस्थान सील
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन पुलिस टीमों ने नगर निगम के सहयोग से COTPA एक्ट (Cigarette and Other Tobacco Products Act) के उल्लंघन पर कार्रवाई की। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिबंधित सामग्री बेचने वाले 09 दुकानों/संस्थानों को सील कर बंद कराया गया।

सप्लाई चेन का खुलासा, थोक सप्लायर पुलिस के रडार पर
पुलिस द्वारा जप्त की गई रोलिंग पेपर और हुक्का फ्लेवर सामग्री की सप्लाई चेन (Backward Linkage) की जांच की गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि ये अवैध खेप शहर के भीतर कुछ थोक विक्रेताओं के माध्यम से सप्लाई की जा रही थी। पूछताछ के दौरान मुख्य सप्लायरों के नाम सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि इन मुख्य कड़ियों पर जल्द ही छापेमारी कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



