
Mungeli: ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी कार्रवाई
लोरमी पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
मुंगेली। जिले में असामाजिक तत्वों और मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराज पटेल के निर्देश पर “ऑपरेशन बाज” अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन के एक मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर लोरमी पुलिस ने ग्राम रेहुंटा स्कूल के पास नाकाबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कमल सिंह ध्रुव पिता गौकरण ध्रुव (48 वर्ष) और परमानंद ध्रुव पिता रामावतार ध्रुव (39 वर्ष), निवासी ग्राम ढोलगी, थाना लोरमी, जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़) बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी कमल सिंह ध्रुव के कब्जे से एक लाल रंग के थैले में रखी 61 नग देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 10.980 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत करीब 4,880 रुपये बताई गई। वहीं शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल होंडा एसपी (क्रमांक CG 09 JK 7928), जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30,000 रुपये है, को भी जब्त किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपियों से शराब रखने और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गवाहों के समक्ष शराब और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
आरोपियों का कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध पाए जाने पर मौके पर देहाती नालसी दर्ज कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



