
Durg: पुराने पैसों के विवाद में युवक की मौत, एक आरोपी हिरासत में
दुर्ग। पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत के मामले में सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना 24 जनवरी 2026 की बताई जा रही है।
होटल में हुई मारपीट, इलाज के दौरान मौत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग के इंदिरा मार्केट स्थित होटल 36 इन में मृतक ऋषि निर्मलकर के साथ आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। विवाद का कारण पुराने पैसों की वसूली बताया जा रहा है। मारपीट के दौरान ऋषि को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मर्ग डायरी दर्ज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही थाना सुपेला से मर्ग क्रमांक 0/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग डायरी प्राप्त की गई। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण गंभीर चोटें बताया गया। मृतक के पिता एवं प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए।
एक आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी
पुलिस जांच में सामने आया कि इस घटना में प्रशांत राव पिता लक्ष्मण राव और उसके अन्य साथी शामिल थे। पुलिस ने अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 103, 3(5) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशांत राव को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का मर्ग पंचनामा तैयार किया, अस्पताल की डेथ समरी का अवलोकन किया और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित किया है। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि हत्या पुराने पैसों के विवाद के कारण हुई।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



