
Raipur में ड्राई डे पर अवैध शराब और नशीली दवाओं की धरपकड़
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर में शांति, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशों और डीसीपी सेंट्रल ज़ोन श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में अभियान एसीपी कोतवाली डिवीजन के अंतर्गत आने वाले थाना कोतवाली, गंज और मौदहापारा क्षेत्रों में संचालित किया गया।

नशीली दवाओं और अवैध शराब पर कार्रवाई
अभियान के दौरान क्राइम यूनिट और थानों की संयुक्त कार्यवाही में नशीली दवाओं और अवैध शराब के कारोबारियों को पकड़ा गया।
•थाना गंज क्षेत्र में शुभम साहू (30 वर्ष) को नशीली दवाइयाँ Nitrazepam, Alprazolam और Spasmo-Proxyvon कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया गया और धारा 22(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
•फाफाडीह चौक क्षेत्र से आकाश सिंह (28 वर्ष) को 05 बोतल अंग्रेजी शराब मैकडॉवेल्स नं.01 के साथ पकड़ा गया और धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
•थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में प्रद्युम्न तांडी (45 वर्ष) से 45 पाव और सुरेश बंजारे (25 वर्ष) से 42 पाव गोवा स्पेशल व्हिस्की बरामद हुई और धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
•थाना मौदहापारा क्षेत्र में अमजद खान (38 वर्ष) से 24 पाव गोवा स्पेशल व्हिस्की और बिक्री की रकम जब्त की गई, जबकि अनिमेष तिवारी (26 वर्ष) को सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए जाने पर धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
संपूर्ण डीसीपी सेंट्रल जोन में कार्यवाही की मॉनिटरिंग एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निरीक्षण में की गई।
“जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई
डीसीपी सेंट्रल ज़ोन ने निर्देशित किया है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशे का कारोबार या सार्वजनिक शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत त्वरित और कठोर कार्यवाही की जाएगी। पुलिस बल को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया और लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और मुखबिर तंत्र के माध्यम से निगरानी रखी गई, जिससे यह प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



