
Raipur : ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम ठगी करने वाले 3 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय रायपुर द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत साइबर अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की गई है। ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले 3 अंतर्राज्यीय ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में 2 महाराष्ट्र और 1 राजस्थान के निवासी शामिल हैं।

24 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला
प्रार्थी पारस कुमार धीवर द्वारा थाना राखी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के माध्यम से अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर उनसे 24 लाख रुपये की ठगी की गई है। इस शिकायत पर थाना राखी में अपराध क्रमांक 224/24, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई पहचान
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशानुसार रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा बैंक खातों, मोबाइल नंबरों एवं टेलीग्राम से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर इस ठगी गिरोह के मुख्य आरोपियों की पहचान की गई।
महाराष्ट्र और राजस्थान में दबिश
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर महाराष्ट्र एवं राजस्थान भेजी गईं। वहां रेड कार्रवाई कर तीनों अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध देश के विभिन्न 14 थाना/साइबर सेल में पहले से शिकायतें दर्ज होना पाया गया है।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. उत्पल पंचारिया(उम्र – 21 वर्ष)
2. रोहित बबन कौलगे(उम्र – 31 वर्ष)
3. सुमित श्रीनिवास राठी (उम्र – 41 वर्ष)
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



