
बस्तर में गांजा तस्करी का खुलासा, यूपी की महिला गिरफ्तार
बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में नगरनार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ओडिशा से रायपुर ले जाए जा रहे गांजा की तस्करी का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश की एक महिला को गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धनपुंजी मंडी नाका, एनएच-63 के पास एक महिला अपने पास गांजा रखकर रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध महिला पर नजर रखी।
पुलिस को देखकर भागने लगी आरोपी
पुलिस टीम को देखते ही महिला घबरा गई और भागने का प्रयास करने लगी। मौके पर मौजूद महिला पुलिस कर्मियों की मदद से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुमन पाल (उम्र 40 वर्ष) बताया।
उत्तर प्रदेश की रहने वाली है आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित संजय गांधी नगर की निवासी है। महिला की तलाशी लेने पर उसके बैग से दो पैकेटों में भरा हुआ कुल 4.667 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
गांजा, मोबाइल और नगदी जब्त
पुलिस ने आरोपी महिला के पास से गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन और 1,000 रुपए नगद भी जब्त किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 44 हजार 350 रुपए बताई जा रही है।

न्यायिक रिमांड पर भेजी गई आरोपी
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लिंक खंगालने में जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



