
रायपुर स्टेशन पर ‘चाकूबाजी’ से मचा हड़कंप, गणतंत्र दिवस पर यात्री से 8 हजार और मोबाइल की लूट
रायपुर | राजधानी रायपुर में जहाँ एक ओर गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए लुटेरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री को चाकू मारकर बदमाशों ने मोबाइल और हजारों रुपये लूट लिए। इस घटना ने स्टेशन की सुरक्षा और रेलवे पुलिस (GRP) की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्लेटफॉर्म पर भीड़ के बीच वारदात
घटना सोमवार (26 जनवरी) को उस समय हुई जब स्टेशन पर यात्रियों की भरी भीड़ थी । घायल युवक की पहचान गजालुद्दीन (निवासी नहरपारा, रायपुर) के रूप में हुई है। वह नागपुर जाने के लिए प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। चश्मदीदों के अनुसार, तीन अज्ञात बदमाश गजालुद्दीन के पास पहुँचे और अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के सर पर गंभीर चोट आई है।
GRP की कार्यप्रणाली पर सवाल
लुटेरों ने युवक के पास मौजूद 8 हजार रुपये नगद और उसका मोबाइल फोन लूट लिया और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। स्थानीय सूत्रों और यात्रियों का आरोप है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद रेलवे पुलिस (GRP) ने मामले में तत्काल FIR दर्ज करने में देरी की।
स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं
यात्रियों ने बताया कि गणतंत्र दिवस जैसे संवेदनशील दिन पर भी प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। प्लेटफॉर्म पर पुलिस की मौजूदगी न होने के कारण बदमाशों ने आसानी से चाकूबाजी की और भागने में सफल रहे। फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रशासनिक प्रतिक्रिया
मामले में GRP का कहना है कि जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही लुटेरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



