
केशकाल घाटी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत, डॉक्टर की मौके पर ही मौत
केशकाल (कोंडागांव) | छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। केशकाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गारका के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार डॉक्टर राजीव भगत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव बुरी तरह मलबे में फंस गया था।
ड्यूटी पर सुकमा जा रहे थे डॉक्टर
जानकारी के अनुसार, मृतक डॉक्टर राजीव भगत रायगढ़ जिले के लैलूंगा के रहने वाले थे। वे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से सुकमा जा रहे थे। ग्राम गारका के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाया
हादसे की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। कार की हालत इतनी खराब थी कि पुलिस को कटर और कड़ी मशक्कत का सहारा लेना पड़ा ताकि क्षतिग्रस्त कार के भीतर फंसे डॉक्टर के शव को बाहर निकाला जा सके। इस भीषण दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
जांच में जुटी पुलिस
केशकाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग बताया जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



