
Korba: कलेक्ट्रेट में हड़कंप, बर्खास्त नगर सैनिक ने जान देने की कोशिश की
गणतंत्र दिवस के मौके पर कोरबा कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बर्खास्त नगर सेना के जवान ने आत्महत्या का प्रयास कर लिया। जवान द्वारा परिसर में ही ज़हर सेवन करने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जहर सेवन करने से बिगड़ी हालत, अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, नगर सेना का जवान संतोष पटेल कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद था, इसी दौरान उसने ज़हर खा लिया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल जवान की हालत स्थिर बताई जा रही है।

सुसाइड नोट बरामद, अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद जवान के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है। नोट में संतोष पटेल ने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट में उसने आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजहों का भी जिक्र किया है।
सेवा से बर्खास्तगी से था आहत
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले महिला नगर सैनिकों ने जिला सेनानी के खिलाफ विशाखा समिति में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद संतोष पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसी कार्रवाई से आहत होकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।
पुलिस और प्रशासन मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



