
नेमेड थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझी, दूसरी पत्नी और सौतेले बेटे समेत तीन गिरफ्तार
नेमेड। जिले के नेमेड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुसालुर के जंगल में 28 नवंबर 2025 को मिले अज्ञात पुरुष के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक की दूसरी पत्नी, सौतेले बेटे सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
28 नवंबर को जंगल में मिला था अज्ञात शव
पुलिस के अनुसार 28 नवंबर 2025 को मुसालुर के जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर थाना नेमेड में मर्ग कायम कर पंचनामा एवं जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान बद्रू उरसा, निवासी नेमेड के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक के सिर और चेहरे पर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोटें लगी थीं, जिससे उसकी मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या में तब्दील कर गहन जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स और घटना स्थल के टावर डंप रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। इसमें घटना के दिन मृतक की दूसरी पत्नी माहिरी मंजि, सौतेला बेटा शंकर मंजि और संदेही रमेश मंजि की मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के आसपास सक्रिय पाई गई।
तेलंगाना से गिरफ्तार हुए आरोपी
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने तेलंगाना राज्य के जमींकुटा और चेरकुर्ल से संदेही रमेश मंजि एवं शंकर मंजि को हिरासत में लिया। बाद में माहिरी मंजि को भी गिरफ्तार किया गया।
कड़ी पूछताछ में हत्या कबूली
थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने आपसी विवाद के चलते बद्रू उरसा की ठोस वस्तु से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



