
Bijapur: कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में नक्सली IED विस्फोट
सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन जवान घायल
बीजापुर। छत्तीसगढ़–तेलंगाना सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए बारूदी सुरंग (IED) के विस्फोट में तीन सुरक्षा जवान घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब सुरक्षा बल इलाके में नक्सलियों के खिलाफ तलाशी अभियान चला रहे थे।
दो अलग-अलग स्थानों पर हुए विस्फोट
मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के दो जवान और कोबरा बटालियन का एक जवान शामिल है। सर्च ऑपरेशन के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए आईईडी विस्फोटित हुए, जिसकी चपेट में आकर जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक जवान को रायपुर किया गया एयरलिफ्ट
विस्फोट के बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद सभी घायलों को बीजापुर मुख्यालय लाया गया। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया है।
पहली बार तिरंगा फहराने की थी तैयारी,
बताया जा रहा है कि यह घटना गणतंत्र दिवस से पहले हुई है। कर्रेगुट्टा क्षेत्र में पहली बार 26 जनवरी को तिरंगा फहराने की तैयारी की जा रही थी। नक्सलियों की इस कायराना हरकत के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सतर्कता और बढ़ा दी है।
इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी
विस्फोट के बाद कर्रेगुट्टा और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। नक्सलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की बाधा न आए।
तकनीकी टीमों की मदद से IED की तलाश
सुरक्षा बलों ने बताया कि इलाके में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी और अन्य जालों की पहचान के लिए तकनीकी और पायलट टीमों की सहायता ली जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से पहाड़ी इलाकों में न जाएं और सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करें।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



