
गिरफ्तारी पर रोक के बाद पुलिस के सामने पूछताछ के लिए पेश हुआ रोहित तोमर
रायपुर | राजधानी रायपुर का चर्चित हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर रोहित तोमर लंबे समय तक फरार रहने के बाद आखिरकार रविवार को पुलिस के सामने पेश हुआ। रोहित तोमर पूछताछ के लिए पुरानी बस्ती थाना पहुँचा। यह पेशी सुप्रीम कोर्ट द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाए जाने के बाद हुई है।
सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत
रोहित तोमर के खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चाकूबाजी, मारपीट, हत्या का प्रयास, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसे 16 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। रायपुर पुलिस लंबे समय से रोहित की तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। इस बीच रोहित ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

कोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है, लेकिन शर्त रखी है कि उसे जांच और पूछताछ में पुलिस का पूरा सहयोग करना होगा। आपको बता दें कि रोहित का बड़ा भाई रूबी उर्फ वीरेंद्र तोमर पहले ही पुलिस की गिरफ्त में है। उसे पिछले साल 8 नवंबर को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ जारी
पुरानी बस्ती थाने में पेश होने के बाद पुलिस ने रोहित तोमर से दर्ज अपराधों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तोमर ब्रदर्स पर सूदखोरी और अवैध उगाही का एक बड़ा सिंडिकेट चलाने का आरोप है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकती, लेकिन उससे मिली जानकारी के आधार पर अन्य मामलों में शिकंजा कसा जा सकता है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



