
Durg में धर्म का अपमान: हनुमान मंदिर में तोड़फोड़, उपसरपंच की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की FIR
दुर्ग (छत्तीसगढ़) | दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हनौदा में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक ने मंदिर में घुसकर भगवान हनुमान की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।

प्रेस लिखी गाड़ी में आया था आरोपी
शिकायतकर्ता प्रकाश कुमार पटेल (ग्राम हनौदा के उपसरपंच) द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 25 जनवरी 2026 करीब 01:30 से 02:00 बजे के बीच की है। चश्मदीदों के अनुसार, आरोपी जागेश्वर बंजारे ‘प्रेस’ लिखी हुई एक गाड़ी में सवार होकर आया था।
आरोपी ने भाठापारा बाजार चौक के पास स्थित हनुमान मंदिर में प्रवेश किया और हनुमान जी के गदे से ही हनुमान जी की मूर्ति पर प्रहार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की खबर मिलते ही गाँव में तनाव फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर हिंदू समाज की धार्मिक मान्यताओं को ठेस पहुँचाने के उद्देश्य से यह कृत्य किया है।

आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने प्रकाश कुमार पटेल की लिखित शिकायत के आधार पर पद्मनाभपुर थाना में मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के लिए शब्दों या कृत्यों का प्रयोग) और धारा 324(4) (नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से किया गया कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की विवेचना सहायक उप-निरीक्षक (Asst. SI) नागेंद्र कुमार बंछोर द्वारा की जा रही है। मुख्य आरोपी जागेश्वर बंजारे, पिता भगवान दास बंजारे है, जो ग्राम हनौदा का ही निवासी है।

गाँव में बढ़ा तनाव
हनौदा गाँव के ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और मंदिर में सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी बढ़ा दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



