
दंतेश्वरी मंदिर में चोरी करने वाले की सामने आई तस्वीर, गिरफ्तारी में मदद करने पर पुलिस देगी इनाम
जगदलपुर (बस्तर) | बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। 23 और 24 जनवरी की दरमियानी रात को एक अज्ञात चोर ने मंदिर के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर माता के बहुमूल्य आभूषण पार कर दिए थे। अब पुलिस ने शहर के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की खाक छानने के बाद आरोपी की तस्वीर साफ कर ली है।
9 टीमें और पड़ोसी राज्यों में तलाश
मंदिर में चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुल 9 विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस और फॉरेंसिक की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोर की पहचान सुनिश्चित कर ली है। सीसीटीवी फुटेज में चोर करीब 10 मिनट तक मंदिर के भीतर बेखौफ घूमता नजर आया है।

बस्तर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि चोर के बारे में सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को 5,000 रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। शक है कि आरोपी सीमावर्ती राज्यों का हो सकता है, इसलिए 4 से 5 टीमें ओडिशा और छत्तीसगढ़ के पड़ोसी जिलों में आरोपी की तलाश में जुट गई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे, जिसके चलते अब मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जांच के दौरान कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया था, लेकिन अब स्थिति सामान्य की जा रही है। चोरी गए आभूषणों में माता का स्वर्ण हार और चांदी की चेन वाला लॉकेट शामिल है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



