
‘PRESS’ लिखी लग्जरी कार से शराब की तस्करी, MP से लाई जा रही थी 15 पेटी ‘GOA’ शराब
अंबिकापुर | छत्तीसगढ़ में शराब तस्करी का एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है, जहाँ तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए लग्जरी गाड़ी और ‘प्रेस’ के नाम का दुरुपयोग किया। अंबिकापुर आबकारी विभाग ने नवानगर के पास घेराबंदी कर एक सफेद रंग की इनोवा कार को पकड़ा है, जिसके फ्रंट ग्लास पर ‘प्रेस’ लिखा हुआ था। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसके भीतर से मध्य प्रदेश निर्मित ‘GOA’ ब्रांड की 15 पेटी अवैध शराब बरामद की गई।
सरकारी दुकान का पूर्व कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश की सीमा से एक लग्जरी कार में अवैध शराब की बड़ी खेप अंबिकापुर लाई जा रही है। आबकारी इंस्पेक्टर अनिल गुप्ता की टीम ने दरिमा नवानगर के ग्राम अडची में जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध इनोवा कार वहां पहुंची, टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।

जब्त किया गया सामान
कार के अंदर से 15 पेटी (करीब 750 पाव) मध्य प्रदेश की शराब जब्त की गई, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम लड्डू सिंह है। जांच में पता चला कि वह पहले सरकारी शराब दुकान में काम करता था। काम से निकाले जाने के बाद उसने अपनी जानकारी का इस्तेमाल तस्करी में करना शुरू कर दिया।
एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
कार्रवाई के दौरान कार में दो लोग सवार थे। आबकारी टीम ने घेराबंदी कर लड्डू सिंह को तो दबोच लिया, लेकिन उसका दूसरा साथी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। आबकारी विभाग ने शराब के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी इनोवा को भी जब्त कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



