
कोरबा में रिटायर्ड ASI के घर 10 लाख की चोरी
कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रिटायर्ड एएसआई के घर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने सुनसान मकान का फायदा उठाते हुए ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। ये जेवरात परिवार में होने वाली बेटे और बेटी की शादी के लिए रखे गए थे।

अंतिम संस्कार में शामिल होने गया था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड एएसआई ग्लेटबिन कुमार अपने परिवार के साथ सीएसईबी कॉलोनी में रहते हैं। परिवार में एक सदस्य के निधन के कारण सभी लोग पिथौरा गांव में अंतिम संस्कार में शामिल होने गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए चाबी पड़ोसी और एक रिश्तेदार को दी गई थी।
देर रात टूटा मिला घर का ताला
देर रात जब एक रिश्तेदार घर में सोने के लिए पहुंचा, तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर से घर अस्त-व्यस्त था। इसकी सूचना तत्काल ग्लेटबिन कुमार को दी गई। परिवार के घर पहुंचने पर पता चला कि चोरों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखे जेवरात चोरी कर लिए।

शादी के लिए रखे गए थे जेवरात
परिजनों के मुताबिक, चोरी हुए जेवरात उनकी बेटी और बेटे की शादी के लिए संजोकर रखे गए थे। इस घटना से परिवार सदमे में है।
पुलिस ने शुरू की जांच, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम सक्रिय
चोरी की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घर के अंदर और आसपास से साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड ने कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश की।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



